एबीवीपी झारखंड की दो दिवसीय प्रदेश कार्यकारी परिषद बैठक शुरू
रांची, 06 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), झारखंड की दो दिवसीय प्रदेश कार्यकारी परिषद की बैठक मंगलवार को शुरू हुई। बैठक छह और सात अक्टूबर को आयोजित की जा रही है, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों और क्षेत्रों से प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य तथा दायित्ववान कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं।
बैठक का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मौसमी पॉल, प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत और प्रदेश संगठन मंत्री पशुपति उपमन्यु ने संयुक्त रूप से किया।
उद्घाटन सत्र में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, शैक्षणिक एवं सामाजिक विषयों तथा विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव, किए गए कार्यों और आगामी योजनाओं को साझा कर रहे हैं।
बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों और अभियानों की दिशा एवं कार्ययोजना तय करने, विद्यार्थियों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर मंथन किया जाएगा।
दो दिवसीय बैठक के दौरान विद्यार्थी हित और समाजहित से जुड़े कार्यों की रूपरेखा तैयार करने के साथ संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा होगी। बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

