home page

बढ़ती गर्मी में घर से बाहर निकलने पर बरतें सावधानी : इरफान

 | 
बढ़ती गर्मी में घर से बाहर निकलने पर बरतें सावधानी : इरफान


रांची, 21 मई (हि.स.)। आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने राज्यवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

उन्होंने गुरूवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि सुबह 11 बजे से लेकर शाम 04 बजे तक अधिक जरूरी रहने पर ही घर से बाहर निकलें, क्योंकि इस दौरान लू और हीट स्ट्रोक का खतरा अधिक रहता है।

इस समय घर से निकलने में विशेष सर्तकता बरतें। उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। साथ ही प्रशासन को पेयजल, बिजली आपूर्ति और राहत केंद्रों की व्यवस्था सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया।

इरफान अंसारी ने लोगों से अधिक मात्रा में पानी, ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि धूप में निकलते समय सिर को गमछा, टोपी या छाते से ढंककर रखें। खाली पेट घर से बाहर न जाएं, कम से कम भरपेट पानी पीकर ही निकलें। बीच बीच में पानी की मात्रा लेने की जरूरत है।

मंत्री ने कहा कि राज्य में भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी सरकारी अस्पतालों, सदर अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हाई अलर्ट पर रखा है।

हीट स्ट्रोक, डिहाईड्रेशन, सन बर्न और अन्य गर्मी से संबंधित बीमारियों के इलाज के लिए ओआरएस, दवाइयों, आईवी फ्लूडर्स, आपातकालीन बेड और चिकित्सकीय टीमों की विशेष व्यवस्था की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar