झारखंड में अब तक सबसे अधिक पश्चिमी सिंहभूम में और सबसे कम बारिश गढ़वा जिले में
रांची, 06 अगस्त (हि.स.)। झारखंड में (०१ जून से ०६ अगस्त) अब तक सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम में और सबसे कम बारिश गढ़वा जिले में दर्ज की गई है। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 13 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है, जबकि गढ़वा जिले में अब तक 60 प्रतिशत सामान्य से कम बारिश रिकार्ड की गई है। यह जानकारी मौसम विभाग ने गुरुवार को दी।
इधर, अगस्त माह में राज्य भर में अब तक अच्छी बारिश हो रही है। मौसम विभाग की ओर से 08 अगस्त को राज्य के दक्षिणी और इससे सटे मध्यवर्ती जिलों (गुमला और खूंटी) में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। इसे लेकर विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश जामताड़ा जिले के फतेहपुर में 110 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई है। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान बहरागोड़ा में 35.3 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।
वहीं गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे और दिन में गर्मी और उमस महसूस किया गया।
वहीं, मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32 और न्यूनतम 24.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.5 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

