home page

रामगढ़ में डीसी ऑफिस के पास अवैध बालू परिवहन का खुलासा, खनन विभाग ने दो ट्रैक्टर किए जब्त

 | 
रामगढ़ में डीसी ऑफिस के पास अवैध बालू परिवहन का खुलासा, खनन विभाग ने दो ट्रैक्टर किए जब्त


रामगढ़, 27 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ में उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर मंगलवार को खनन विभाग ने समाहरणालय के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाकर अवैध रूप से बालू ले जा रहे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया। दोनों ट्रैक्टरों पर करीब 200 घनफुट (सीएफटी) बालू लदा हुआ था। जांच के दौरान चालक खनिज परिवहन से संबंधित वैध चालान प्रस्तुत नहीं कर सके।

उपायुक्त के निर्देश पर खान निरीक्षक बिनोद बिहारी प्रमाणिक के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने समाहरणालय के समीप खनिज लदे वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान बालू लदे दो लाल रंग के ट्रैक्टरों को रोककर उनके दस्तावेज की जांच की गई। इनमें एक ट्रैक्टर पर लगभग 100 सीएफटी बालू लदा हुआ था। दूसरे लाल रंग के ट्रैक्टर पर भी करीब 100 सीएफटी बालू पाया गया।

जांच के दौरान दोनों ट्रैक्टरों के चालकों से बालू परिवहन से संबंधित वैध चालान और आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध चालान प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद खान निरीक्षक ने नियमानुसार दोनों ट्रैक्टरों को बालू सहित जब्त कर रामगढ़ थाना पुलिस को सौंप दिया।

दरअसल, उपायुक्त ऋतुराज ने जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

खनन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, बालू के गैरकानूनी उठाव और बिना वैध दस्तावेज के खनिज परिवहन के खिलाफ जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश