home page

दिनदहाड़े नदियों से हो रहा बालू का अवैध उठाव

 | 
दिनदहाड़े नदियों से हो रहा बालू का अवैध उठाव


देवघर, 09 मई (हि.स.)।

जसीडीह थाना क्षेत्र में बालू के अवैध उत्खनन का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार को दिनदहाड़े जसीडीह थाना क्षेत्र के कुमैठा-बसमनडीह रोड स्थित डढ़वा नदी पुल के समीप खुलेआम बालू का अवैध उठाव करते देखा गया। दिन के उजाले में इतनी बेखौफ तरीके से हो रहे इस अवैध कारोबार ने प्रशासनिक कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एक ओर विपक्ष राज्य सरकार पर खनिज संपदाओं की लूट का आरोप लगाता रहा है, वहीं दूसरी ओर जिले में बालू का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तड़के सुबह बालू लदे ट्रैक्टर जिस तेज रफ्तार से गांवों की गलियों से गुजरते हैं, उससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों के अनुसार, कई बार विरोध करने के बावजूद ट्रैक्टर चालक अपनी रफ्तार कम नहीं करते। स्थिति ऐसी हो गई है कि जैसे ही तेज आवाज के साथ ट्रैक्टर गांव में प्रवेश करते हैं, लोग भय के कारण अपने घरों के भीतर चले जाते हैं। उन्हें हमेशा इस बात का डर सताता रहता है कि कहीं कोई बड़ी दुर्घटना न हो जाए।

खनन विभाग की ओर से अक्सर यह दावा किया जाता है कि अवैध उत्खनन रोकने के लिए रात्रि गश्ती की जाती है। लेकिन जब बालू की चोरी दिनदहाड़े होने लगे, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है।

अवैध रूप से निकाली गई बालू कम कीमत और आसानी से उपलब्ध हो जाती है, जबकि नियमपूर्वक बालू खरीदने के लिए आम लोगों को कई तकनीकी प्रक्रियाओं और औपचारिकताओं से गुजरना पड़ता है। यही कारण है कि अधिक कीमत चुकाने के बावजूद कई लोग अवैध बालू खरीदना अधिक सुविधाजनक समझते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy