home page

रांची में अवैध गैस कारोबार पर कार्रवाई, 265 सिलेंडर जब्त

 | 
रांची में अवैध गैस कारोबार पर कार्रवाई, 265 सिलेंडर जब्त


रांची, 18 अप्रैल (हि.स.)। रांची में रसोई गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त अभियान चलाते हुए एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर की गई।

अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में चुटिया थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की गई। जांच में सामने आया कि घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी कर उन्हें छोटे सिलेंडरों में भरकर ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था। यह गतिविधि आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 तथा एलपीजी (विनियमन एवं वितरण) आदेश, 2000 का उल्लंघन है और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।

छापेमारी के दौरान उत्तम कुमार साहु के परिसर से करीब 10 गैस सिलेंडर (भरे एवं खाली) बरामद किए गए। साथ ही रिफिलिंग में उपयोग होने वाले पाइप, कनेक्शन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। वहीं साई कॉलोनी स्थित अमन सिंह के मकान में बने कमरे से लगभग 85 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि उक्त मकान को किराए पर लेकर बड़े पैमाने पर अवैध गैस कारोबार संचालित किया जा रहा था।

इसके अलावा शारदा कॉलोनी स्थित एक अन्य परिसर से करीब 110 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। यहां भी अवैध रिफिलिंग के लिए उपयोग में लाए जा रहे उपकरण और पाइप बरामद हुए।

तीनों स्थानों से कुल 265 गैस सिलेंडर जब्त कर उनकी विधिवत सूची तैयार की गई और सभी सिलेंडरों को संबंधित गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया।

इस मामले में चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

रांची जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत गैस एजेंसियों से ही सिलेंडर प्राप्त करें और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे