home page

अवैध गैस कारोबार पर प्रशासन की कार्रवाई, छापेमारी में सिलेंडर और रिफिलिंग मशीन बरामद

 | 
अवैध गैस कारोबार पर प्रशासन की कार्रवाई, छापेमारी में सिलेंडर और रिफिलिंग मशीन बरामद


रांची, 25 मार्च (हि.स.)। राजधानी रांची में घरेलू गैस (एलपीजी) की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बीच जिला प्रशासन ने अवैध गैस कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में एदलहातु क्षेत्र में एक मकान में छापेमारी कर घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और रिफिलिंग के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया गया।

यह कार्रवाई 24 मार्च (मंगलवार) की देर रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई। प्रशासनिक टीम ने रात करीब 8:55 बजे मौके पर पहुंचकर छापा मारा। जांच में पाया गया कि मकान किराए पर लेकर वहां घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटे और व्यावसायिक सिलेंडरों में अवैध रूप से भरी जा रही थी, जिन्हें बाद में ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।

छापेमारी के दौरान कुल 3 भरे हुए और 2 खाली 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर, 5 किलोग्राम का एक छोटा सिलेंडर, 19.2 किलोग्राम के दो व्यावसायिक सिलेंडर, गैस रिफिलिंग मशीन, रेगुलेटर, पाइप और गैस मापने की डिजिटल वेट मशीन बरामद की गई।

जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर ही जब्ती सूची तैयार कर सभी बरामद सामग्री को सुरक्षा मानकों के तहत संबंधित गैस एजेंसियों को सौंप दिया। इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में अवैध गैस भंडारण, रिफिलिंग और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि गैस जैसी आवश्यक वस्तु की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासन के अनुसार, हाल के दिनों में रांची में एलपीजी सिलेंडरों की कमी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद निगरानी बढ़ाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी अभियान तेज किया गया है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या रिफिलिंग की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन या संबंधित थाना को सूचित करें। इसके लिए ‘अबुआ साथी’ व्हाट्सएप नंबर 9430328080 भी जारी किया गया है, जहां लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्राप्त हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।--------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे