प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व भगवान की प्रतिमाओं का कराया गया नगर परिक्रमा
रांची, 05 फ़रवरी (हि.स.)। धुर्वा के होटवासी में नवनिर्मित चार मंदिरों में भगवान की प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के चौथे दिन गुरुवार को गाजे-बाजे के साथ नगर प्ररिक्रमा कराया गया।
मौके पर भक्तों के बीच खीर प्रसाद का वितरण करने के बाद जागरण कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ।
इस दौरान मुहल्ले की काफी संख्या में स्त्री-पुरूष भगवान के नगर परिक्रमा में शामिल हुए। खुले वाहन से सभी देवी-देवताओं के छोटे प्रारूप को पहले टुंडुल की दो मंदिरों में ले जाया गया। इसके बाद 32 एकड़ स्थित मंदिर ले जाया गया। उसके बाद महुआटोली होते हुए होटवासी गांव स्थित दो मंदिरों में सभी प्रतिमा को ले जाकर पूजा अर्चना की गयी। इसके बाद नवनिर्मित मंदिरों में पूजा-अर्चना की गयी।
वाराणसी से पंडित ललन प्रसाद तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे पुरोहितों ने बताया कि कार्यक्रम में सबसे पहले अन्नाधिवास से भगवान को जगाकर बाहर निकाला गया। उसके बाद सभी का देव स्नान कराया गया। देर शाम सभी प्रतिमाओं का शैयाधिवास कराया गया। शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान पूरा होने के बाद हवन और आरती एवं प्रसाद भोग का वितरण किया जायेगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भी जागरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

