home page

गिफ्ट डीड की भूमि पर अतिक्रमण को चिन्हित कर करें कार्रवाई : सुशांत

 | 
गिफ्ट डीड की भूमि पर अतिक्रमण को चिन्हित कर करें कार्रवाई : सुशांत


रांची, 16 जून (हि.स.)। रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में मंगलवार को नगर निवेशक शाखा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में हो रहे अनाधिकृत निर्माण, गिफ्ट डीड भूमि पर अतिक्रमण, सेटबैक क्षेत्र के उल्लंघन, पार्किंग व्यवस्था और भवन निर्माण नियमों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई।

नगर आयुक्त ने नगर निवेशक और सहायक नगर निवेशकों को निर्देश दिया कि शहर में सघन जांच अभियान चलाकर अनाधिकृत निर्माणाधीन भवनों, गिफ्ट डीड भूमि पर अतिक्रमण, सेटबैक क्षेत्र के अतिक्रमण एवं पार्किंग नियमों के उल्लंघन की माइक्रो स्तर पर निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले भवन स्वामियों और बिल्डरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सभी व्यावसायिक भवनों में निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग केवल वाहन पार्किंग के लिए सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। गिफ्ट डीड भूमि पर अवैध निर्माण और अतिक्रमण को चिन्हित कर त्वरित कार्रवाई करने तथा प्रचार-प्रसार बोर्ड या अन्य अस्थायी संरचनाओं को हटाने का आदेश दिया गया।

नगर आयुक्त ने पूर्व में स्वीकृत भवन योजनाओं वाले भवनों में फायर सेफ्टी व्यवस्था और 3200 वर्गफुट से अधिक क्षेत्रफल वाले भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की कार्यशीलता की जांच करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थलों के दुरुपयोग और गिफ्ट डीड भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

बैठक में उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू सहित निगम के अभियंता और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar