home page

पति ने बेटी को संतान मानने से किया इंकार, पत्नी ने डीएनए टेस्ट कराने की दी चुनौती

 | 
पति ने बेटी को संतान मानने से किया इंकार, पत्नी ने डीएनए टेस्ट कराने की दी चुनौती


रामगढ़, 08 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ़ कोर्ट परिसर के बाहर बुधवार को एक पति पत्नी के बीच डीएनए टेस्ट को लेकर झगडा हो गया। जिस पति पर पत्नी ने मुकदमा दर्ज किया था, उसने अपने ढाई साल की बच्ची को ही अपनी संतान होने से इन्कार कर दिया। इसके बाद गुस्से में बौखलाई महिला ने कोर्ट के बाहर अपने पति को पकड़ा और उसकी फजीहत कर डाली।

रामगढ़ जिले के बोंगाबार गांव की रहने वाली सोनी कुमारी की शादी वर्ष 2021 में हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड के पबरा गांव निवासी राजेंद्र कुमार राम उर्फ राजू के साथ हुई थी। शादी के बाद एक बच्ची ने जन्म लिया। दोनों के बीच विवाद इतना गहरा हो गया कि मामला कोर्ट तक पहुंचा और सोनी कुमारी ने अपने पति के खिलाफ एक्शन लेने का मन बना लिया।

पति के साथ झगड़ा कर रही सोनी कुमारी ने बताया कि जब उसके पति राजेंद्र कुमार राम उर्फ राजू को कोर्ट से जमानत लेना था, तो उसने जज के सामने उसकी बेटी को स्वीकार किया था। लेकिन जमानत लेने के बाद मेंटेनेंस के केस में ढाई साल की बेटी को अपनाने से इन्कार कर दिया। उसने सोनी कुमारी के चरित्र पर सवाल उठाया। उसने अपनी पत्नी का किसी और के साथ संबंध होने का आरोप लगाया।

इस बात पर गुसाईं महिला ने भरे समाज में अपने पति को डीएनए टेस्ट के लिए चैलेंज कर दिया। उसने कहा कि जब महिला होकर वह डीएनए टेस्ट के लिए तैयार है तो उसका पति क्यों भाग रहा है। बाद में वकीलों ने बीच बचाव किया और कोर्ट के फैसले का इंतजार करने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश