home page

आईटीआई गोला में सीएनसी मशीनिस्ट प्रशिक्षण शुरू

 | 
आईटीआई गोला में सीएनसी मशीनिस्ट प्रशिक्षण शुरू


आईटीआई गोला में सीएनसी मशीनिस्ट प्रशिक्षण शुरू


रामगढ़, 02 नवंबर (हि.स.)। जिले के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन की महत्वाकांक्षी हुनर परियोजना के तहत सोमवार को आईटीआई गोला में सीएनसी (कंप्यूटराइज्ड न्यूमेरिकल कंट्रोल) मशीनिस्ट प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। पीवीयूएनएल के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में मांडू विधायक निर्मल महतो और डीसी ऋतुराज शामिल हुए। इस दौरान पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत गोल्ड स्मिथ (सुनार) ट्रेड में प्रशिक्षण पूरा करने वाले 18 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र दिया गया।

विधायक निर्मल महतो ने युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन के लिए जिला प्रशासन की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा आज के समय की आवश्यकता है। युवाओं को प्रशिक्षण का बेहतर उपयोग कर अपने भविष्य को संवारना चाहिए।

डीसी ऋतुराज ने कहा कि हुनर परियोजना का उद्देश्य युवाओं को जिले की औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित कर यहीं पर रोजगार उपलब्ध कराना है। ताकि उन्हें नौकरी के लिए दूसरे जिले और राज्यों में पलायन नहीं करना पड़े। उन्होंने बताया कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए ड्रोन टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण भी शुरू करने की योजना है।

डीसी ने जानकारी दी कि 19 नवंबर को औद्योगिक प्रतिष्ठानों और संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ जिला स्तरीय कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की रणनीति तैयार होगी।

कार्यक्रम में आईटीआई गोला के सफल प्रशिक्षणार्थियों की उपलब्धियों की भी सराहना की गई। रोहित मुंडा, जूही कुमारी और प्रदीप टुडू ने अपने-अपने ट्रेड में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि मिथुन महतो ने जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश