home page

लातेहार में भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद

 | 
लातेहार में भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद


लातेहार, 19 मार्च (हि.स.)। लातेहार पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। एसपी कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना पर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार लातेहार एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के कोमो जंगल के पास मुख्य पथ पर एक संदिग्ध ट्रक खड़ी है, जिसमें भारी मात्रा में मादक पदार्थ छुपा कर रखे गए हैं। सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर अंचल अधिकारी नंदकुमार राम और पुलिस इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम गठित की गई और वाहन की जांच की गई। ट्रक में बोरियों में भरकर मवेशियों को खाने वाला चारा रखा हुआ था। जब बोरियों को खोलकर देखा गया तो उसके अंदर पैकेट में बंद गांजा बरामद हुए। पुलिस के द्वारा जब सभी बोरियों को खोला गया तो लगभग 150 पैकेट से अधिक गांजा बरामद किया गया।

इधर इस संबंध में पूछने पर लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर ट्रक की जांच की गई तो उसमें भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। छानबीन पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि गांजा कहां से आ रहा था और इसे कहां भेजा जा रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार