सीसीएल फुटबॉल प्रतियोगिता में अस्पताल संविदा कर्मियों की टीम विजेता
रांची, 01 अगस्त (हि.स.)।
सीसीएल की ओर से शनिवार को गांधीनगर स्थित मैदान में संविदा कर्मियों के बीच फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रबंधक (खेल) आदिल हुसैन, विलफ्रेड माणिक लकड़ा, आशीष सिरिल कच्छप और मारियो तनुज एक्का ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान मुकाबला सीसीएल अस्पताल संविदा कर्मियों और कॉलोनी संविदा कर्मियों की टीमों के बीच खेला गया। मैच के दौरान दोनों टीमों ने शानदार खेल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।
सीसीएल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं, जिससे मुकाबला 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद विजेता का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से किया गया। पेनाल्टी में अस्पताल संविदा कर्मियों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलोनी संविदा कर्मियों की टीम को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में सीसीएल के महाप्रबंधक (कल्याण) संजय कुमार ठाकुर ने विजेता एवं उपविजेता टीम को सम्मानित किया। उन्होंने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार विकास मिर्धा को प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस तरह के खेल आयोजन कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ टीम वर्क, अनुशासन और आपसी समन्वय को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य कर्मियों में खेल भावना, शारीरिक सक्रियता तथा आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

