home page

सिद्धू-कान्हू पार्क में 30 जून को मनेगा हूल क्रांति दिवस, सूरज मंडल होंगे अतिथि

 | 
सिद्धू-कान्हू पार्क में 30 जून को मनेगा हूल क्रांति दिवस, सूरज मंडल होंगे अतिथि


रांची, 29 जून (हि.स.)।

झारखंड मजदूर मोर्चा की ओर से 30 जून को राजधानी रांची स्थित सिद्धू-कान्हू पार्क में हूल क्रांति दिवस का आयोजन किया जाएगा। मंगलवार शाम चार बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। समारोह के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय संपूर्ण क्रांति राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व सांसद डॉ. सूरज मंडल होंगे।

मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुबोध लकड़ा ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संथाल हूल क्रांति केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जब 30 जून 1855 को शुरू हुई यह क्रांति भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के प्रारंभिक और महत्वपूर्ण जनआंदोलनों में से एक थी। उन्होंने बताया कि भोगनाडीह गांव से आरंभ हुए इस आंदोलन का नेतृत्व सिद्धू, कान्हू, चांद और भैरव मुर्मू ने किया था। अंग्रेजी शासन, जमींदारों और महाजनों के अत्याचार के खिलाफ संथाल समाज ने संगठित होकर विद्रोह का बिगुल फूंका था, जिसे हूल क्रांति के नाम से जाना जाता है। लकड़ा ने कहा कि इस आंदोलन ने देश के स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा और प्रेरणा दी। हूल क्रांति अन्याय, शोषण और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष, एकता, साहस और आत्मसम्मान का संदेश देती है। कार्यक्रम में हूल क्रांति के इतिहास और इसके महत्व पर भी चर्चा की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar