होमगार्ड बहाली में अभ्यर्थियों की दौड़ की सीसीटीवी से हुई निगरानी
रामगढ़, 05 नवंबर (हि.स.)। जिले के सिद्धू-कान्हू मैदान में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा शांतिपूर्ण, अनुशासित और व्यवस्थित माहौल में जारी है। जिला प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच बहाली प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा रहा है। गुरुवार को निर्धारित समय पर अभ्यर्थियों के कागजातों का शुरुआती सत्यापन करने के बाद उन्हें कतारबद्ध तरीके से मैदान में प्रवेश कराया गया।
सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद रामगढ़ तकनीकी पुरुष और महिला अभ्यर्थियों की दौड़ प्रतियोगिता शुरू कराई गई। समाचार लिखे जाने तक दौड़ की प्रक्रिया छठे राउंड तक सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी थी। वहीं, अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षाएं भी सुचारू रूप से जारी थीं। अभ्यर्थी पूरे अनुशासन और शांतिपूर्ण तरीके से बहाली प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे हैं।
बहाली प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए मैदान परिसर में सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन, खेल विभाग और पुलिस बल के वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश नहीं रहे।
अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए प्रशासन की ओर से मैदान में पेयजल, बैठने के लिए शेड और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और मेडिकल टीम को भी तैनात रखा गया है। अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों या बिचौलियों के बहकावे में नहीं आने की सलाह दी है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पूरी बहाली प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

