home page

झारखंड के रामगढ़ में 24 घंटे में सर्वाधिक 80.5 मिमी वर्षा, 18 जुलाई तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट

 | 

रांची, 14 जुलाई (हि.स.)। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान रामगढ़ जिले में सर्वाधिक 80.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि राज्य के अन्य कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग ने आगामी 18 जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 18 जुलाई तक राज्य के अधिकांश जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

विभाग ने यह भी बताया कि 15 से 17 जुलाई के बीच राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए निचले इलाकों में जलभराव और आकाशीय बिजली की घटनाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का सर्वाधिक तापमान जमशेदपुर में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान रांची के नामकुम में 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मंगलवार सुबह रांची और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहे, जिससे वातावरण में उमस बनी रही। हालांकि दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी होने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

राजधानी रांची में मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम 36.2 और न्यूनतम 26.7 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 35.2 और न्यूनतम 27.2 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 36.1 और न्यूनतम 27.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 33.5 और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak