home page

रांची में सरहुल और ईद को लेकर हाई अलर्ट, ड्रोन-सीसीटीवी से होगी निगरानी

 | 
रांची में सरहुल और ईद को लेकर हाई अलर्ट, ड्रोन-सीसीटीवी से होगी निगरानी


रांची, 19 मार्च (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची में सरहुल और ईद के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने पूरे शहर में करीब 5000 जवानों की तैनाती की है और चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखने के लिए ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों का व्यापक इंतजाम किया गया है।

मुस्लिम समुदाय द्वारा शनिवार को ईद का पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। सुबह शहर की विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। वहीं उसी दिन झारखंड के प्रमुख आदिवासी पर्व सरहुल के अवसर पर दोपहर में शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों लोग शामिल होंगे। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

इस संबंध में रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने बताया कि पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल उपलब्ध कराया गया है। शहर में जिला पुलिस के साथ आईआरबी, जैप, होमगार्ड्स और केंद्रीय बलों को मिलाकर करीब 5000 जवान तैनात किए गए हैं। सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष रूप से फोर्स की तैनाती की गई है और थाना प्रभारियों को लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरहुल की शोभायात्रा दोपहर से शुरू होकर देर रात तक चलती है। ऐसे में सभी पुलिस अधीक्षकों (डीएसपी) और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि शोभायात्रा समाप्त होने तक वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से मौजूद रहें। साथ ही पेट्रोलिंग टीमों को लगातार भ्रमण और माइकिंग के जरिए लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।

शहर के प्रमुख स्थल अल्बर्ट एक्का चौक पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है, क्योंकि यहां सबसे अधिक भीड़ जुटने की संभावना रहती है। इस क्षेत्र में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।

इसके अलावा पूरे शहर में लगभग 12 ड्रोन और 500 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। कचहरी स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है, जो पूरे आयोजन के दौरान गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे त्योहारों को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे