home page

विधानसभा के विशेष सत्र के लिए सत्तापक्ष ने एसआईआर और सेस को लेकर बनाई रणनीति

 | 
विधानसभा के विशेष सत्र के लिए सत्तापक्ष ने एसआईआर और सेस को लेकर बनाई रणनीति


रांची, 23 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा के आगामी 25 और 26 नवंबर 2026 को प्रस्तावित दो दिवसीय विशेष सत्र को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के साथ वर्चुअल बैठक कर सदन की रणनीति पर चर्चा की।

कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास से हुई बैठक में खासकर सदन में एसआईआर, खनिज सेस सहित अन्य मुद्दों को लेकर विपक्ष के सवालों के जवाब देने पर रणनीति बनाई गई।

बैठक में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम (एमएमडीआर) 2026 और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) सहित अन्य प्रमुख मुद्दों पर सरकार का पक्ष मजबूती से रखने की तैयारी की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विधायकों को सदन में पूरी तैयारी, तथ्यों और आंकड़ों के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया, ताकि विपक्ष के सवालों का प्रभावी जवाब दिया जा सके। विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और एमएमडीआर एवं एसआईआर को लेकर जनता की चिंताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

इसके आधार पर सदन में बहस और फ्लोर मैनेजमेंट की रणनीति पर विचार किया गया।

एमएमडीआर संशोधन अधिनियम को लेकर सत्ता पक्ष की प्रमुख आपत्ति खनिज संपदा और खनिज युक्त भूमि पर राज्य के राजस्व अधिकारों से जुड़ी है। सरकार को आशंका है कि संशोधन के प्रावधानों से खनिज आधारित राज्यों की सेस और उपकर लगाने की शक्तियां प्रभावित हो सकती हैं। इससे झारखंड के राजस्व पर असर पड़ने और जनकल्याणकारी योजनाओं के वित्तपोषण में कठिनाई आने की आशंका जताई गई।

बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने भी एमएमडीआर संशोधन पर चिंता जताई। उन्होंने इसे खनिज संपदा वाले राज्यों के हितों के प्रतिकूल बताते हुए कहा कि इससे राज्य को हजारों करोड़ रुपये के संभावित राजस्व नुकसान का खतरा है। वहीं, एसआईआर को लेकर उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी होने और सुनवाई लंबित रहने से वंचित और आदिवासी समुदायों के मताधिकार प्रभावित होने की आशंका है।

उन्होंने प्रक्रिया में पारदर्शिता और जरूरत पड़ने पर समय-सीमा बढ़ाने की मांग की। विशेष सत्र में सत्ता पक्ष इन दोनों मुद्दों के साथ राज्य के अधिकार, खनिज राजस्व और मतदाता अधिकारों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है। विपक्ष के सवालों का जवाब देने के साथ केंद्र की नीतियों पर भी सरकार अपना पक्ष रखेगी। बैठक में सत्ताापक्ष के विधायक और मुख्य्मंत्री हेमंत सोरेन खास तौर पर मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar