home page

होली से पहले एचईसी कर्मचारियों को मिलेगा एक माह का वेतन : लीलाधर सिंह

 | 
होली से पहले एचईसी कर्मचारियों को मिलेगा एक माह का वेतन : लीलाधर सिंह


रांची, 28 फरवरी (हि.स.)। रांची स्थित हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) के कर्मचारियों को होली के अवसर पर आगामी 2 मार्च 2026 को एक माह का वेतन भुगतान किया जाएगा। यह जानकारी हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन (इंटक) के महामंत्री सह इंटक के राष्ट्रीय संगठन सचिव लीलाधर सिंह ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

उन्होंने बताया कि वित्तीय संकट के बावजूद यूनियन के आग्रह तथा होली और रमजान पर्व को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन ने कर्मचारियों को एक माह का वेतन देने का निर्णय लिया है। भारत सरकार से आर्थिक सहयोग और बैंक गारंटी नहीं मिलने के बावजूद लिया गया यह फैसला सराहनीय है।

लीलाधर सिंह ने कहा कि पिछले कई महीनों से कर्मचारियों को केवल आधे माह का वेतन मिल रहा था, जबकि करीब 26 माह का वेतन अब भी बकाया है। इसके बावजूद कर्मचारी लगातार उत्पादन कार्य में जुटे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा स्थापित यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय उद्योग बंद नहीं होना चाहिए और अधिकांश कर्मचारी इसके संचालन के पक्ष में हैं। लगभग 70 वर्ष पुराने मशीनों पर आज भी गुणवत्तापूर्ण उत्पादन किया जा रहा है।

यूनियन की मांग पर रमजान के दौरान मुस्लिम कर्मचारियों को इफ्तार के लिए आधा घंटा पहले घर जाने की अनुमति भी प्रबंधन ने दे दी है। यूनियन ने कर्मचारियों से वित्तीय वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही में उत्पादन कार्य सुचारु रूप से जारी रखने की अपील की है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar