home page

एचईसी कर्मचारियों की वीपीएफ राशि ब्याज समेत लौटाए प्रबंधन : लालदेव सिंह

 | 
एचईसी कर्मचारियों की वीपीएफ राशि ब्याज समेत लौटाए प्रबंधन : लालदेव सिंह


रांची, 02 सितंबर (हि.स.)। हटिया कामगार यूनियन एटक के उपाध्यक्ष लालदेव सिंह ने एचईसी प्रबंधन से कर्मचारियों के वेतन से स्वैच्छिक भविष्य निधि योजना (वीपीएफ) के तहत काटी गई राशि को ब्याज समेत तत्काल लौटाने की मांग की है। उन्होंने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भुगतान में हुई देरी की अवधि का ब्याज भी कर्मचारियों को दिया जाना चाहिए।

लालदेव सिंह ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन ने कर्मचारियों की राशि का भुगतान नहीं किया तो वह उनके हित में कानूनी कार्रवाई करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि एचईसी कर्मचारियों के वेतन से हर माह स्वेच्छा से भविष्य के लिए राशि की कटौती की जाती थी। इस राशि पर कर्मचारियों को ब्याज भी मिलता था।

लालदेव सिंह के अनुसार, एचईसी प्रबंधन ने अधिसूचना संख्या 04/2025 के माध्यम से स्वैच्छिक भविष्य निधि योजना के तहत वेतन से होने वाली कटौती बंद कर दी। उनका कहना है कि इस संबंध में निर्णय वर्ष 2023 में ही लिया गया था, लेकिन अधिसूचना जारी करने में देरी हुई। इस दौरान अप्रैल 2023 से सितंबर 2023 तक कर्मचारियों के वेतन से वीपीएफ मद में राशि काटी गई।

उन्होंने बताया कि संबंधित अधिसूचना के तहत उक्त अवधि में कर्मचारियों के वेतन से काटी गई राशि वापस की जानी थी, लेकिन अब तक प्रबंधन ने इसका भुगतान नहीं किया है।

लालदेव सिंह ने आरोप लगाया कि अधिसूचना जारी होने के बावजूद प्रबंधन कर्मचारियों की राशि लौटाने में टालमटोल कर रहा है। उन्होंने प्रबंधन से कर्मचारियों के हित में तत्काल राशि का भुगतान करने और देरी की अवधि का ब्याज देने की मांग की है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar