home page

झारखंड में 13 और 14 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी

 | 
झारखंड में 13 और 14 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी


रांची, 10 जुलाई (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 13 और 14 जुलाई को राज्य के विभिन्न जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही 17 जुलाई तक राज्यभर में गर्जन, वज्रपात और वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 13 जुलाई को राज्य के उत्तर-पूर्वी, उससे सटे मध्यवर्ती तथा दक्षिण-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। वहीं 14 जुलाई को उत्तर-पश्चिमी और मध्यवर्ती जिलों में भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा वज्रपात की आशंका को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

विभाग के मुताबिक, 17 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर वर्षा, मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है। लगातार बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव तथा स्थानीय स्तर पर यातायात प्रभावित होने की भी आशंका जताई गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक 75.5 मिलीमीटर वर्षा चतरा जिले के हंटरगंज में दर्ज की गई। इसी अवधि में सबसे अधिक तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस बोकारो में तथा सबसे कम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रांची के नामकुम में रिकॉर्ड किया गया।

शुक्रवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे। दोपहर बाद हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग के अनुसार, रांची का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस, डाल्टनगंज का अधिकतम 32.6 डिग्री और न्यूनतम 25.7 डिग्री सेल्सियस, बोकारो का अधिकतम 33.5 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस तथा चाईबासा का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने विशेष रूप से किसानों तथा खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि गर्जन और वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे या खुले मैदानों में शरण लेने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak