home page

झारखंड में 29 अगस्त से 1 सितंबर तक भारी बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी

 | 
झारखंड में 29 अगस्त से 1 सितंबर तक भारी बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी


-कई जिलों में आकाशीय बिजली के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है तेज हवा

रांची, 28 अगस्त (हि.स.)। झारखंड के विभिन्न जिलों में 29 अगस्त से 1 सितंबर तक भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, 29 अगस्त को उत्तर-पूर्वी झारखंड के दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह के अलावा आसपास के धनबाद तथा दक्षिण-पूर्वी जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

30 अगस्त को राज्य के पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 31 अगस्त को उत्तर-पूर्वी और उससे सटे मध्यवर्ती जिलों धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और कोडरमा के साथ दक्षिण-पूर्वी जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

इसके बाद 1 सितंबर को उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे मध्यवर्ती जिलों लोहरदगा, गुमला, रांची और खूंटी के अलावा राज्य के दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने भारी बारिश के साथ संबंधित जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 74.2 मिलीमीटर बारिश पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया में रिकॉर्ड की गई। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 36 डिग्री सेल्सियस बहरागोड़ा में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।

शुक्रवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई।

शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34.2 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.5 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 35.4 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लगातार बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। -----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak