home page

झारखंड में भीषण गर्मी का प्रकोप, 8 जिलों में लू का अलर्ट जारी

 | 
झारखंड में भीषण गर्मी का प्रकोप, 8 जिलों में लू का अलर्ट जारी


रांची, 18 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। कई इलाके लू की चपेट में हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने 20 और 21 अप्रैल को राज्य के 8 जिलों में लू चलने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने जिन जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और खूंटी शामिल हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी दिशा से एक निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है, जो पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, मणिपुर, हिमालयी क्षेत्रों और पश्चिम बंगाल होते हुए सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में झारखंड समेत आसपास के राज्यों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

पिछले 24 घंटे के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 17.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। हाल के तापमान आंकड़ों के मुताबिक, रांची में अधिकतम तापमान 37.1डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.2° डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 36.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27.1 डिग्री सेल्सियस, डाल्टनगंज में 42.1 डिग्री सेल्सियस और 22.8 डिग्री सेल्सियस, बोकारो में 38.2 डिग्री सेल्सियस और 27.1 डिग्री सेल्सियस तथा चाईबासा में अधिकतम 37.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak