home page

वोटर अवेयरनेस के लिए चलेगा हैशटैग अभियान : डीसी

 | 
वोटर अवेयरनेस के लिए चलेगा हैशटैग अभियान : डीसी


रामगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। मतदाताओं को जागरूक करने और उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से झारखंड में पांच नवंबर को राज्यव्यापी सोशल मीडिया हैशटैग अभियान चलाया जाएगा। इसे लेकर जिले के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की गई है। डीसी ऋतुराज ने सभी से अपील की है कि बढ़ चढ़ कर अपना योगदान दें।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित यह विशेष अभियान पांच नवंबर को दोपहर 12 बजे से एक बजे तक चलेगा। डीसी ने जिलेवासियों से अपने मोबाइल फोन में ईसीआईनेट ऐप डाउनलोड करने तथा ऐप डाउनलोड करने के बाद उसका स्क्रीनशॉट लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम पर साझा करने की अपील की है।

डीसी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और तकनीक के बेहतर उपयोग की आवश्यकता है। लर्न डेमोक्रेसी, लीड डेमोक्रेसी संदेश के साथ चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य लोगों को निर्वाचन आयोग की डिजिटल सेवाओं और सुविधाओं से जोड़ना और मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाता लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में सभी नागरिकों को इस अभियान का हिस्सा बनकर दूसरों को भी जागरूक करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश