home page

बेसन के लड्डू में मिलाया जा रहा हानिकारक रंग, बिगड़ सकता है हाजमा

 | 
बेसन के लड्डू में मिलाया जा रहा हानिकारक रंग, बिगड़ सकता है हाजमा


बेसन के लड्डू में मिलाया जा रहा हानिकारक रंग, बिगड़ सकता है हाजमा


रामगढ़, 24 जुलाई (हि.स.)। बाजार में बड़े दुकानदार से लेकर ठेले वाले तक मिलावटी सामान बेच रहे हैं। इसका खुलासा शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच के बाद किया है। जांच करने वाली टीम काे पता चला कि जिस बेसन के लड्डू को लोग बड़े चाव से खाते हैं, उसमें खतरनाक रंग मिलाया जा रहा है। यह लोगों का हाजमा और स्वास्थ्य दोनों बिगाड़ सकता है। डीसी ऋतुराज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार जांच अभियान चला रहा है। शुक्रवार को भी पांच दुकानों से 20 हजार रुपया जुर्माना वसूला गया।

रामगढ़ बाजार समिति के समीप विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों और ठेलों पर औचक जांच अभियान चलाया गया। 11 दुकानों एवं 02 गुपचुप ठेलों के निरीक्षण में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, विनिर्माण तिथि, अंतिम प्रयोग तिथि, खाद्य सुरक्षा लाइसेंस, पेस्ट कंट्रोल सहित अन्य आवश्यक मानकों की गहन जांच की गई। इस दौरान दुकानों में बिक्री के लिए रखे गए बेसन के लड्डुओं में हानिकारक रंग का प्रयोग पाया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित लड्डुओं को मौके पर ही नष्ट कराया। इसके अतिरिक्त अनियमितता पाए जाने पर पांच दुकानों पर 20 हजार रुपए का आर्थिक दंड लगाया गया और तीन दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

जांच के दौरान दो गुपचुप ठेलों के छोले में भी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रंग का उपयोग पाया गया। टीम ने दोनों ठेलों के छोले को मौके पर ही नष्ट कराया गया। संबंधित संचालकों को भविष्य में खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी गई।

इस अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो मंजर हुसैन, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा और खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश