ज्ञानशाला बच्चों में संस्कार और नैतिक मूल्यों का सशक्त माध्यम : बछराज बेताला
रांची, 04 अगस्त (हि.स.)। तेरापंथ सभा रांची, तेरापंथ युवक परिषद और तेरापंथ महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को ज्ञानशाला जागरूकता एवं प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के सामूहिक जाप के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं ज्ञानशाला उड़ीसा-झारखंड क्षेत्र के आंचलिक प्रभारी बछराज बेताला ने कहा कि ज्ञानशाला जैन धर्म के संस्कारों का दीप प्रज्वलित कर रही है। बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, चरित्र विकास और नैतिक शिक्षा के लिए ज्ञानशाला एक सशक्त माध्यम है। प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों को ज्ञानशाला से जोड़ना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी संस्कारवान, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बन सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए तेरापंथ सभा, रांची के अध्यक्ष अमरचंद बेगानी ने ज्ञानशाला के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज के सभी लोगों से इस अभियान को अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन कमलेश संचेती और रिद्धि बांठिया ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर सभा के मंत्री विनोद बेगवानी, तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष पंकज बोहरा, मंत्री ललित सेठिया, तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष सरिता दस्सानी, मंत्री पूजा नाहटा सहित बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहीं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

