home page

दुर्गा वाहिनी का शक्ति प्रदर्शन, 400 महिलाओं ने किया शक्ति संचलन

 | 
दुर्गा वाहिनी का शक्ति प्रदर्शन, 400 महिलाओं ने किया शक्ति संचलन


दुर्गा वाहिनी का शक्ति प्रदर्शन, 400 महिलाओं ने किया शक्ति संचलन


दुर्गा वाहिनी का शक्ति प्रदर्शन, 400 महिलाओं ने किया शक्ति संचलन


रामगढ़, 10 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ में विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की ओर से शनिवार को शक्ति संचलन निकाला गया। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई करीब 400 महिलाओं और युवतियों ने भाग लेकर नारी शक्ति, एकजुटता और संस्कारों का संदेश दिया। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरे संचलन का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ॐ के उच्चारण और अतिथियों के दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद फुटबॉल मैदान से शक्ति संचलन शुरू हुआ, जो लोहार टोला, किला मंदिर और गुरुद्वारा होते हुए सुभाष चौक स्थित विघ्नेश्वरी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में महिलाओं और युवतियों की भागीदारी ने आयोजन को विशेष स्वरूप दिया।

मुख्य वक्ता मातृशक्ति प्रमुख अनिमा पांडे ने दुर्गा अष्टमी के महत्व, मां दुर्गा के अवतरण और महिषासुर वध की कथा के माध्यम से नारी शक्ति की महत्ता पर प्रकाश डाला। वहीं, दुर्गा वाहिनी की प्रांत संयोजिका कीर्ति गौरव ने संगठन की स्थापना, कार्यों और उद्देश्यों की जानकारी दी।

संचलन में मांडू, भुरकुंडा, गोला और चितरपुर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं एवं संगठन के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह मंत्री मनोज पोद्दार, प्रांत परियोजना प्रमुख रेनू अग्रवाल, रांची विभाग मातृशक्ति प्रमुख फूल कुमारी, रामगढ़ जिला मातृशक्ति प्रमुख अर्चना महतो, दुर्गा वाहिनी जिला संयोजिका अनामिका श्रीवास्तव, सह मंत्री भागीरथ पोद्दार एवं अमित साहू, बजरंग दल जिला संयोजक महेंद्र ठाकुर, सह संयोजक किशोर राम, सत्संग प्रमुख संतोष सिंह, गोरक्षा प्रमुख अशोक विश्वकर्मा, दुर्गा वाहिनी सह संयोजिका प्रियंका कुमारी और नगर संयोजिका दिव्या कुमारी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश