home page

इनरव्हील क्लब की पहल से स्कूल में बना ग्रीन क्लासरूम

 | 
इनरव्हील क्लब की पहल से स्कूल में बना ग्रीन क्लासरूम


रामगढ़, 20 मार्च (हि.स.)। समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार सक्रिय इनरव्हील क्लब ऑफ रामगढ़ के तत्वावधान में कोबरा आर्मी प्री-प्राइमरी स्कूल परिसर में फल और सब्जियों का एक सुंदर एवं आकर्षक बगीचा स्थापित किया गया। इस पहल के माध्यम से एक साधारण खाली स्थान को बच्चों के लिए जीवंत कक्षा में परिवर्तित कर दिया गया, जहां अब नन्हे विद्यार्थी प्रकृति के साथ जुड़कर सीख सकेंगे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में जिज्ञासा बढ़ाना, प्रकृति के प्रति प्रेम विकसित करना और ताजे और घर में उगाए गए फलों-सब्जियों के महत्व को समझाना था। क्लब की सदस्याओं ने बड़े उत्साह और लगन के साथ पुदीना, एलोवेरा, बैंगन, नींबू, मिर्च, शिमला मिर्च, करम्बोला (स्टारफ्रूट), चीकू, लेमनग्रास, तुलसी एवं स्ट्रॉबेरी सहित कई प्रकार के पौधों का रोपण किया।

इस पहल की खास बात यह रही कि यह केवल पौधारोपण कार्यक्रम नहीं था, बल्कि इसके माध्यम से बच्चों में जिम्मेदारी, पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सतत जीवनशैली की समझ विकसित करने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष नमिता श्रॉफ, सचिव जनेशा वडेरा, मेघा बगरिया, अनुराधा श्रॉफ, राजिंदर बुढ़वाल, राजिंदर कालरा सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश