home page

महाराजा अग्रसेन जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा

 | 
महाराजा अग्रसेन जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा


रांची, 10 अक्टूबर (हि.स.)। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर अग्रवाल सभा, रांची की ओर से शनिवार को अग्रसेन भवन से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें अग्रवाल समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा, सजी हुई घोड़ियों और ब्रिटिश काल की पांच ऐतिहासिक गाड़ियों ने आयोजन को खास बनाया।

शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण महाराजा अग्रसेन की सजीव झांकी रही, जिसमें वे अपने 18 गोत्रों के साथ विराजमान दिखे। झांकी में बच्चों की भागीदारी ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। समाज के पुरुष पारंपरिक कुर्ता-पायजामा और साफा, जबकि महिलाएं लाल रंग की पारंपरिक साड़ियों में शामिल हुईं। तलवार धारण किए पुरुषों और सजे हुए घोड़ों ने शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाई।

ऐतिहासिक गाड़ियों में अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्षों को बैठाया गया। शोभायात्रा बंसीधर अडुकिया रोड, बड़ा लाल स्ट्रीट, कोतवाली थाना, शहीद चौक, गांधी चौक, मारवाड़ी टोला और अन्य प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः अग्रसेन भवन पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान रास्ते में विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सेवा शिविर लगाए। कई स्थानों पर आरती उतारी गई और पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों की भागीदारी रही। इस अवसर पर बडी संख्या में समुदाय के लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar