home page

मोरहाबादी में गूंजे ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारे, धूमधाम से मना जन्माष्टमी उत्सव

 | 
मोरहाबादी में गूंजे ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारे, धूमधाम से मना जन्माष्टमी उत्सव


रांची, 05 सितंबर (हि.स.)। आम्रकुंज दुर्गा मंदिर, मोरहाबादी परिसर में श्रीश्री 1008 श्री ब्यास जी यज्ञा बाबा आश्रम ट्रस्ट की ओर से शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर आश्रम परिसर को पुष्प सज्जा और रोशनी से सजाया गया था। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारों से गूंजता रहा।

महोत्सव की शुरुआत भजन संध्या और भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की कथा से हुई। कलाकारों और कथा वाचकों ने माखन चोरी और गोवर्धन लीला सहित कृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन किया। मध्य रात्रि में श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर शंखध्वनि और घड़ियालों की गूंज के बीच पुष्पवर्षा की गई।

मुख्य महंत भरत दास जी महाराज और मुख्य पुजारी विकास पांडेय के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक किया गया। इसके बाद महाआरती हुई। श्रद्धालुओं के बीच सोहर, बधाई गीत और महाप्रसाद का वितरण किया गया।

मुख्य महंत और मुख्य पुजारी ने आयोजन में सहयोग देने वाले अतिथियों, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया।

मौके पर आशुतोष द्विवेदी, राजकुमार पोद्दार, अन्नू पोद्दार, उत्सव पोद्दार, डॉ. अनिल कुमार, सुनीता तिवारी, आदर्श उपाध्याय, अंजलि पांडेय, हेमा मिश्रा, रूपम झा, अजीत कुमार, सुनील कुमार और प्रतिमा सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar