home page

राज्यपाल ने बिहार आई बैंक का नाम बदलकर कर झारखंड आई बैंक किए जाने का दिया निर्देश

 | 
राज्यपाल ने बिहार आई बैंक का नाम बदलकर कर झारखंड आई बैंक किए जाने का दिया निर्देश


रांची, 12 मई (हि.स.)। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बिहार आई बैंक ट्रस्ट का नाम बदलकर शीघ्र “झारखंड आई बैंक” करने का निर्देश दिया है। रांची स्थित लोक भवन में मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।

राज्यपाल ने कहा कि ट्रस्ट की ओर से गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित करने की दिशा में ठोस एवं परिणामकारी प्रयास किए जाएं। उन्होंने ट्रस्ट से जुड़ी भूमि संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा कि आई बैंक ट्रस्ट ऐसा कार्य एवं सेवा मॉडल विकसित करे, जिससे इसे अधिक से अधिक कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड प्राप्त हो सके तथा आधुनिक एवं उन्नत नेत्र चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा सके। उन्होंने विशेष रूप से एडवांस आई केयर सुविधाओं के विकास पर जोर दिया।

बैठक में राज्यपाल की ओर से आई बैंक ट्रस्ट को शीघ्र ‘आयुष्मान भारत योजना’ से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को अधिकाधिक लाभ मिल सके। उन्होंने अस्पताल के बेहतर एवं सुचारु रूप से संचालन के लिए एक समर्पित एवं दक्ष अस्पताल प्रबंधक/प्रशासक की नियुक्ति करने पर भी बल दिया।

बैठक में डॉ. टी.पी. बर्णवाल को ट्रस्टी के रूप में नियुक्त किए जाने का निर्णय लिया गया तथा अजय जैन का बिहार आई बैंक ट्रस्ट के संयुक्त सचिव पद से त्यागपत्र स्वीकार किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे