राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
रांची, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को रांची स्थित लोक भवन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन मनाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल सरकारों या संस्थाओं की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है।
राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पृथ्वी के पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा स्वच्छ वायु, जल संरक्षण और जैव विविधता के संवर्धन में उनका विशेष योगदान होता है।
उन्होंने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की भी आधारशिला हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
राज्यपाल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सभी लोग प्रकृति संरक्षण का संकल्प लें और अपने आसपास हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को सफल बनाया जा सकता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षारोपण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

