home page

वर्ष 2050 तक झारखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने का लें संकल्प : राज्यपाल

 | 
वर्ष 2050 तक झारखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने का लें संकल्प : राज्यपाल


वर्ष 2050 तक झारखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने का लें संकल्प : राज्यपाल


रांची, 27 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास राज्य के भविष्य को मजबूत बनाने के प्रमुख आधार हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगारपरक प्रशिक्षण और ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है। राज्यपाल शुक्रवार को रांची के एक होटल में आयोजित ‘झारखंड चर्चा 2026’ को संबोधित कर रहे थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए उनके प्रभावी क्रियान्वयन, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और नियमित मूल्यांकन पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि झारखंड का गठन वर्ष 2000 में हुआ था। अब गहन आत्ममंथन करते हुए वर्ष 2050 तक राज्य को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने का संकल्प लेना चाहिए। इसके लिए विकास का स्पष्ट एवं व्यावहारिक रोडमैप तैयार कर राज्य सरकार को सुझाव देना चाहिए। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सरकार, निजी क्षेत्र, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर सभी क्षेत्रों में संतुलित, समावेशी और सतत विकास के लिए प्रयास करना होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प रखा है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में झारखंड की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध खनिज एवं वन संपदा और गौरवशाली जनजातीय संस्कृति से संपन्न इस राज्य में विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। जरूरत उपलब्ध संसाधनों, स्थानीय कौशल और प्रतिभा का बेहतर उपयोग कर इन संभावनाओं को उपलब्धियों में बदलने की है।

राज्यपाल ने कहा कि निवेश, आधुनिक तकनीक और नवाचार को प्रोत्साहित करने के साथ उद्योगों का विकास तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना जरूरी है। प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना भी आवश्यक है। पर्यटन के क्षेत्र में जलप्रपातों, पहाड़ियों, वन क्षेत्रों, जनजातीय जीवनशैली, पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर रोजगार एवं आय के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि झारखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना समग्र विकास की महत्वपूर्ण शर्त है। कृषि एवं पशुपालन, वन आधारित उत्पाद, हस्तशिल्प और छोटे उद्यमों को प्रोत्साहित कर ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाई जा सकती है। विशेष रूप से आदिम जनजातीय समूहों, एकल महिला मुखिया वाले परिवारों और भूमिहीन मजदूरों तक आजीविका के स्थायी अवसर पहुंचाना आवश्यक है।

राज्यपाल ने महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भारत के राज्यों के बीच विकास से जुड़े अनुभवों और सफल नवाचारों का आदान-प्रदान सभी के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘झारखंड चर्चा 2026’ में होने वाला विचार-विमर्श राज्य के विकास की भावी दिशा तय करने और वर्ष 2050 के लक्ष्य के अनुरूप व्यावहारिक रोडमैप तैयार करने में सहायक होगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे