home page

वीर बुली महतो की 241वीं जयंती पर सोनाहातू में एक दिसंबर को महोत्सव, राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि

 | 
वीर बुली महतो की 241वीं जयंती पर सोनाहातू में एक दिसंबर को महोत्सव, राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि


रांची, 23 नवंबर (हि.स.)। कोल विद्रोह के महानायक वीर बुली महतो की 241वीं जयंती के अवसर पर एक दिसंबर को सोनाहातू में आयोजित महोत्सव में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में डुमरी विधायक जयराम महतो, साहित्यकार एवं पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो सहित कई प्रमुख अतिथि भी मौजूद रहेंगे।

जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि महोत्सव के आयोजन को लेकर समिति के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रित किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने इसे पांच परगना क्षेत्र के लिए गौरव का अवसर बताया।

देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि वीर बुली महतो का जन्म 27 नवंबर, 1785 को सोनाहातू प्रखंड के कोड़ाडीह गांव में हुआ था। उन्होंने ब्रिटिश शासन और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें काला पानी की सजा देकर अंडमान की सेलुलर जेल भेजा गया था, जहां 14 जून, 1834 को उनका निधन हो गया।

जयंती के अवसर पर 27 नवंबर को वीर बुली महतो चौक पर माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, एक दिसंबर को 12 किलोमीटर राष्ट्रीय युवा मैराथन, महिला कुर्सी दौड़, बोरा दौड़, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक लोकनृत्य का आयोजन होगा। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar