भोजपुरी भाषा कमेटी पर उचित समय में हेमंत सरकार लेगी निर्णय : भट्टाचार्य
रांची, 22 मई (हि.स.)।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने राज्यसभा चुनाव और भोजपुरी भाषा कमेटी की रिपोर्ट पर दो टूक कहा कि ये विषय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के स्तर के हैं और झामुमो इस पर उचित समय आने पर फैसला लेगी। भट्टाचार्य शुक्रवार को मोर्चा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे।
उन्होंने केन्द्र पर आरोप लगाते हुए फिर से कहा कि राज्य को जीएसटी की राशि समय पर नहीं मिल रही है। केंद्र से मदद नहीं मिलने से कल्याणकारी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। भीषण गर्मी समाप्त होने के बाद झामुमो महंगाई और आर्थिक बदहाली के खिलाफ बड़ा आंदोलन चलाएगी।
मौके पर उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर हमला बोलते हुए कहा कि देश गहरे आर्थिक और सामाजिक संकट से गुजर रहा है। महंगाई ने आम लोगों की हालत खराब कर दी है। लेकिन सरकार का इसपर कोई ध्यान नहीं है।
भट्टाचार्य ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ी है। उन्होंने पश्चिम बंगाल से सटे सीमावर्ती इलाकों, विशेषकर संथाल परगना से सिंहभूम तक की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कहा कि वहां आपातकाल जैसे हालात हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सामाजिक माहौल लगातार खराब किया जा रहा है। मौके पर उन्होंने नीट पेपर लीक मामले पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा हर मुद्दे के लिए नेहरू और राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

