home page

सुजल ग्राम संवाद में तोरपा का गोपला गांव बना मॉडल

 | 
सुजल ग्राम संवाद में तोरपा का गोपला गांव बना मॉडल


खूंटी,24 जुलाई (हि.स.)। भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के तत्वावधान में शुक्रवार को आयोजित वर्चुअल 'सुजल ग्राम संवाद' कार्यक्रम में खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड की हुसिर पंचायत स्थित गोपला गांव को मॉडल गांव के रूप में प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्रालय के सचिव,पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अतिरिक्त सचिव सह मिशन निदेशक,झारखंड ग्रामीण जलापूर्ति मिशन (एसडब्ल्यूएसएम) के अधिकारी,उपायुक्त मो जावेद हुसैन, उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान गोपला गांव के मुखिया, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य,जलसहिया,शिक्षक,आंगनबाड़ी कर्मी,स्वयं सहायता समूह की दीदियां और ग्रामीणों ने हर घर नल-जल योजना के सफल संचालन और रखरखाव के अपने अनुभव साझा किए।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से जलापूर्ति योजना का नियमित संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही जल संरक्षण, जल के समुचित उपयोग और योजनाओं के दीर्घकालिक रखरखाव के लिए ग्रामसभा, जनजागरूकता अभियान और सामूहिक प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।

जल शक्ति मंत्रालय के अधिकारियों ने गोपला गांव में जलापूर्ति व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे अन्य क्षेत्रों के लिए प्रेरणादायक बताया। अधिकारियों ने विशेष रूप से तोरपा और रनिया जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्रों में भी जल जीवन मिशन की योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं रखरखाव को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने कहा कि जिले में ग्राम जल और स्वच्छता समितियों, सहकारिता विभाग और स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी से जलापूर्ति योजनाओं के संचालन और रखरखाव की सुदृढ़ व्यवस्था विकसित की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामुदायिक सहभागिता से योजनाओं की स्थायित्व क्षमता और अधिक मजबूत होगी।

बैठक में भारत सरकार की ओर से सभी प्रखंडों में 'जल अर्पण कार्यक्रम' आयोजित कर जल संरक्षण,जल के विवेकपूर्ण उपयोग और जलापूर्ति योजनाओं के संरक्षण एवं रखरखाव के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा