home page

मदरसा शिक्षक का होटल में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

 | 
मदरसा शिक्षक का होटल में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस


दुमका, 26 मार्च (हि.स.)। नगर थाना की पुलिस ने बुधवार की रात दुधानी टॉवर चौक स्थित एक होटल से संदिग्ध परिस्थिति में एक व्यक्ति का शव बरामद किया। मृतक सादिक हुसैन अंसारी (47) गोड्डा जिला के बोआरीजोर थाना सकरीकित्ता रामपुर का रहने वाला था। वह बुधवार की रात गांव से कुछ दूर रहने वाली शादीशुदा प्रेमिका के साथ होटल में ठहरने के लिए आया था।

पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। गुरुवार को परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर चले गए। मृतक चार बेटे और दो बेटियों का पिता था, जबकि महिला एक बेटी की मां है। जानकारी के अनुसार बुधवार की रात करीब आठ बजे दोनों दुधानी के समीप हिंदुस्तान नामक होटल में आए और एक दिन के लिए कमरा लिया। रात को महिला के शोर मचाने पर होटल कर्मी आए तो देखा सादिक की मौत हो चुकी थी।

होटल से सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस पहुंच राधिका राय नामक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। महिला ने पुलिस को बताया कि वह बोआरीजोर थाना के बनगांव की रहने वाली है। उसकी सादिक से पुरानी दोस्ती है। सादिक ही दुमका घुमाने की बात कहकर लाया था। रात को सादिक खाना खाने की बात कहकर निकल गया। खाना खाकर लौटा तो उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसे तड़पते देख कुछ समझ में नहीं आया। धीरे धीरे सादिक शांत पड़ गया। एक बार लगा कि वह सो गया है। काफी देर तक हरकत नहीं हुई तो छूकर देखा तो शरीर ठंडा हो चुका था।

मामले में नगर थाना प्रभारी जगन्नाथ धान ने बताया कि घरवालों ने महिला पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार