home page

निर्वाचन आयोग के घेराव के बाद कांग्रेस नेताओं पर प्राथमिकी, आक्रोश

 | 
निर्वाचन आयोग के घेराव के बाद कांग्रेस नेताओं पर प्राथमिकी, आक्रोश


रांची, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के नेतृत्व में मंगलवार को रांची स्थित निर्वाचन आयोग कार्यालय का घेराव किया गया।

घेराव कार्यक्रम बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शामिल हुए और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

मौके पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग परिसर में नारेबाजी की, बैरिकेडिंग तोड़कर मुख्य द्वार तक पहुंचने का प्रयास किया। इस दौरान टायर जलाकर विरोध जताया गया।

प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोध कांत सहाय, रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ कुमार राजा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और युवा कांग्रेस के नेता तथा कार्यकर्ता मौजूद थे।

प्रदर्शन के बाद सुबोध कांत सहाय, कुमार राजा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव, रांची जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष गौरव सिंह और शिल्पी वर्मा सहित अन्य नेताओं के खिलाफ निर्वाचन आयोग, झारखंड के संदर्भ में प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

प्राथमिकी की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाना हर नागरिक और राजनीतिक कार्यकर्ता का अधिकार है। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak