home page

ट्रैकर स्टैंड रोड पर बिखरा कचरा, दुकानदारों और राहगीरों में नाराजगी

 | 
ट्रैकर स्टैंड रोड पर बिखरा कचरा, दुकानदारों और राहगीरों में नाराजगी


देवघर, 11 जून (हि.स.)। नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन इसका असर जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं दे रहा है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और सड़कों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। हल्की बारिश के बाद जमा कचरे से उठने वाली दुर्गंध ने स्थानीय लोगों और राहगीरों की परेशानी और बढ़ा दी है।

गुरुवार को ट्रैकर स्टैंड जाने वाली सड़क पर भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली, जहां सड़क पर जगह-जगह कचरा बिखरा पड़ा था। लोग उसी गंदगी के बीच से आवागमन करने को विवश दिखे। इसी मार्ग पर पशु अस्पताल स्थित है और बड़ी संख्या में बाहर से आने वाले श्रद्धालु भी बाबा मंदिर जाने के लिए इसी रास्ते का उपयोग करते हैं।

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क किनारे फल सहित अन्य सामान बेचने वाली कुछ महिलाएं सड़े-गले फल और अन्य कचरे को एक स्थान पर छोड़ देती हैं। हवा चलने पर यही कचरा आसपास की दुकानों और सड़क पर फैल जाता है, जिससे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध की समस्या बनी रहती है।

स्थानीय नागरिक संजय वाजपेयी, नरोत्तम सिंह और गौतम तिवारी ने कहा कि यदि नगर निगम प्रतिदिन सड़क किनारे जमा कचरे का नियमित उठाव कराए तो यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि श्रद्धालुओं को बाबा मंदिर जाने के लिए ऐसे गंदे रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। नगर निगम को तत्काल संज्ञान लेकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy