गंगाबांध वाटर प्लांट फेज-2 का काम 20 दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश
रामगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गंगाबांध वाटर प्लांट की फेज-2 जलापूर्ति योजना को जल्द पूरा करने की कवायद तेज कर दी गई है। शनिवार को उपायुकत (डीसी) ऋतुराज और रामगढ़ छावनी परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी विवेक सिंह ने योजना का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई और निर्माण की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने फेज-2 जलापूर्ति योजना के तहत शेष सभी कार्य 20 दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरे करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इसके बाद पूरी योजना रामगढ़ छावनी परिषद को हस्तांतरित की जाए, जिससे कि इसके संचालन और आम नागरिकों को पेयजल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
डीसी ने योजना के तहत कराए गए कार्यों का संयुक्त सर्वेक्षण कराने का भी निर्देश दिया। साथ ही डीपीआर में निर्धारित कार्यों के अतिरिक्त कराए गए कार्यों का अलग से पूरा विवरण तैयार करने को कहा। उन्होंने सभी कार्यों की विस्तृत निरीक्षण रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त कार्यालय को सौंपने का निर्देश दिया, जिससे कि योजना की वास्तविक प्रगति और कार्यों की स्थिति का आकलन किया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि आम लोगों तक इसका लाभ पहुंचाना है। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आम नागरिकों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, एसडीओ, कनीय अभियंता और अन्य संबंधित पदाधिकारियों को सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान रामगढ़ छावनी परिषद के सीईओ, परिषद के नामित सदस्य अनमोल सिंह, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

