श्री कृष्ण विद्या मंदिर में मनी गांधी और शास्त्री की जयंति
रामगढ़, 01 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के श्री कृष्ण विद्या मंदिर में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता), सचिव विमल किशोर जाजू, प्राचार्या गुरप्रीत कौर और विद्यालय परिवार ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
कार्यक्रम में बाल वाटिका के बच्चों ने महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी। वहीं, कक्षा तीसरी से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं ने गांधी जी के जीवन एवं उनके विचारों पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को सत्य और अहिंसा का संदेश दिया।
विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका सपना चक्रवर्ती ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं और उनके आदर्शों की जानकारी विद्यार्थियों को दी।
कक्षा पांचवीं की छात्रा अनुष्ठा पाठक एवं कक्षा छठी की छात्रा तेजस्विनी पाठक ने गांधी जी पर आधारित भजन प्रस्तुत किया।
विद्यालय की प्राचार्या गुरप्रीत कौर ने गांधी जी और शास्त्री जी की जयंती पर सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दोनों महान नेताओं के त्याग, बलिदान और देश की आजादी एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

