एचईसी में मजदूरों के लगातार दुघर्टनाएं चिंता का विषय : रमाशंकर
रांची, 24 मार्च (हि.स.)। हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) रांची में कारखाने के अंदर काम कर रहे मजदूरों का लगातार हो रहे दुर्घटना को लेकर एचईसी मजदूर संघ (बीएमएस) के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद ने प्रबंधन का विरोध जताया है।
उन्होंने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि 23 मार्च को एचएमबीपी 02 में देश मुनि राम का और 24 मार्च को एचएमबीपी 01 में कारू प्रसाद गुप्ता की दुर्घटनाएं दुर्भाग्यजनक है। प्रबंधन मजदूरों से नियमों को ताक पर रखकर उत्पादन करा रहा है। उन्होंने कहा कि मजदूरों को कई वर्षों से सुरक्षा उपकरण नहीं दिया गया है, जबकि प्रबंधन से कई बार मांग करने के बावजूद भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इसका नतीजा कारखाने में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
रमाशंकर ने कहा कि एचईसी के पास वर्तमान में 13.5 करोड़ रुपये होने के बावजूद भी ईद और सरहुल जैसे पर्व पर वेतन नहीं देना कही ना कहीं प्रबंधन की तानाशाही रवैया को दर्शाता है। वहीं प्रबंधन अपने सुख सुविधा के लिए गाड़ी खरीदने की पूरी ताकत लगा रही है। मजदूरों के लिए प्लांट के अंदर आपातकाल व्यवस्था के लिए एक एम्बुलेंस भी नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रबंधन उत्पादन के अलावा मजदूरों के सुरक्षा उपकरण, वेतन, कैंटीन सुविधा, सीपीएफ लोन समय पर उपलब्ध नहीं कराती है तो कारखाने के अंदर काम नहीं होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

