home page

पीवीयूएनएल में बालिका सशक्तिकरण मिशन के तहत 50 छात्राओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

 | 
पीवीयूएनएल में बालिका सशक्तिकरण मिशन के तहत 50 छात्राओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण


पीवीयूएनएल में बालिका सशक्तिकरण मिशन के तहत 50 छात्राओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण


रामगढ़, 24 अप्रैल (हि.स) । पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड में शुक्रवार से बालिका सशक्तिकरण मिशन की शुरुआत की गई। इस पहल के तहत स्थानीय सरकारी विद्यालयों की 50 छात्राओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। स्वास्थ्य जांच पीटीपीएस अस्पताल में संपन्न हुई।

कार्यक्रम के दौरान स्वर्णरेखा महिला समिति की अध्यक्षा रेनू सहगल ने छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने बच्चियों को आत्मविश्वास, शिक्षा और स्वास्थ्य के महत्व के बारे में प्रेरित किया। रेनू सहगल ने कहा कि शिक्षा और आत्मनिर्भरता ही बेटियों को सशक्त बनाने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने छात्राओं को इस मिशन का पूरा लाभ उठाने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर छात्राओं के अभिभावक और शिक्षक भी उपस्थित रहे। सभी को बालिका सशक्तिकरण मिशन कार्यशाला के उद्देश्यों, इसकी गतिविधियों और इसके माध्यम से मिलने वाले समग्र विकास के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में विशेष रूप से स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा और व्यक्तित्व विकास पर जोर दिया गया। आयोजकों ने बताया कि इस मिशन का उद्देश्य केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्राओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता को भी विकसित करना है।

बताया गया कि इस मिशन के तहत आगे कई कार्यशालाएं और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनसे छात्राओं को जीवन कौशल, स्वास्थ्य जागरूकता और व्यक्तित्व विकास के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन मिलेगा। यह विशेष कार्यक्रम मई महीने में औपचारिक रूप से शुरू किया जाएगा।-------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश