home page

पशुपालन विभाग में ट्रेजरी से तीन करोड़ की फर्जी निकासी, एफआइआर दर्ज

 | 
पशुपालन विभाग में ट्रेजरी से तीन करोड़ की फर्जी निकासी, एफआइआर दर्ज


रांची 14 अप्रैल (हि.स.)। बोकारो और हजारीबाग पुलिस के बाद अब पशुपालन विभाग में ट्रेजरी से फर्जी निकासी कर घोटाला करने का मामला रांची में प्रकाश में आया है।

रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री के आदेश पर इस मामले में रांची के कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। चारा घोटाले के बाद अब एक बार फिर से रांची में पशुपालन विभाग में घोटाला सामने आया है। विभाग के कुछ कर्मचारियों ने ट्रेजरी से 3 करोड़ से ज्यादा की अवैध निकासी की है।

इस मामले की जानकारी मिलने के बाद रांची डीसी के आदेश पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसमें दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है। दोनों से कोतवाली थाना में पूछताछ की जा रही है। डीसी ऑफिस से मिली जानकारी के अनुसार कांके स्थित एनिमल हेल्थ एंड प्रोडक्शन में कार्यरत दो कर्मियों ने वेतन मद की राशि में हेरफेर कर 03 करोड़ से ज्यादा की अवैध निकासी की है। रांची डीसी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कार्यकारी मजिस्ट्रेट मो जफर के लिखित आवेदन पर एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में बताया गया है कि विभाग के दो कर्मियों के द्वारा (दोनों फिलहाल हिरासत में) साल 2023 से लेकर 2026 तक कुबेर पोर्टल में छेड़छाड़ करके अपने मूल वेतन में अवैध रूप से बढ़ोतरी दिखाते हुए ट्रेजरी से अवैध निकासी की गई। ये मामला सामने आने के बाद रांची डीसी के जरिये भी इंटरनल जांच करवाई गई, उसमें भी घोटाले की पुष्टि हुई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे