home page

टाटीसिलवे स्टेशन पर 15 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

 | 
टाटीसिलवे स्टेशन पर 15 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार


रांची, 09 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत कार्रवाई करते हुए टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर 15 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 7.50 लाख रुपये बताई गई है।

आरपीएफ के अनुसार, आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची और आरपीएफ पोस्ट रांची की संयुक्त टीम की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन संख्या 18624 हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के टाटीसिलवे स्टेशन पहुंचने पर उसके पिछले जनरल कोच में जांच की गई। इस दौरान चार व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया।

तलाशी लेने पर तीन व्यक्तियों के पास मौजूद तीन बैगों से कुल 15 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में डीडी किट के माध्यम से गांजे की पुष्टि हुई। इसके अलावा आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जितेंद्र, सनी और वर्मा (तीनों निवासी कुशीनगर, उत्तर प्रदेश) तथा विशाल यादव (निवासी पश्चिम चंपारण, बिहार) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर से विशाल यादव ने मंगवाया था। इसे तीन अन्य आरोपितों जितेंद्र, सनी और वर्मा के माध्यम से पटना के रास्ते बिहार के चंपारण क्षेत्र में पहुंचाया जाना था। इस काम के लिए उन्हें आर्थिक लाभ दिया जाना था।

यह पूरी कार्रवाई रांची के सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रताप सिंह नेगी के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में की गई। आरपीएफ फ्लाइंग टीम के उपनिरीक्षक रवि शेखर ने कार्रवाई को अंजाम दिया। बरामद गांजे का मौके पर विधिवत वजन कर उसे जब्त किया गया। इसके बाद गवाहों की उपस्थिति में उसकी पैकिंग और सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई।

बाद में चारों गिरफ्तार आरोपितों को बरामद गांजे, तीन बैग, चार मोबाइल फोन और जब्ती से संबंधित दस्तावेजों के साथ लिखित शिकायत सहित राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी), रांची को सुपुर्द कर दिया गया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे