home page

बुण्डू में टायर दुकान में चोरी का खुलासा, मुख्य सरगना समेत चार गिरफ्तार

 | 
बुण्डू में टायर दुकान में चोरी का खुलासा, मुख्य सरगना समेत चार गिरफ्तार


- चोरी के टायर, इनवर्टर, बैटरी और नकदी बरामद, वारदात में प्रयुक्त टाटा मैजिक भी जब्त

रांची, 06 नवंबर (हि.स.)। बुण्डू थाना पुलिस ने बिरसा मोड़ के पास स्थित टायर दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए मुख्य सरगना समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी की गई सामग्री के अलावा घटना में इस्तेमाल लाल रंग की टाटा मैजिक गाड़ी भी बरामद की है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ओम प्रकाश ने शुक्रवार को बताया कि गत एक अक्टूबर की रात बुण्डू थाना क्षेत्र के बिरसा मोड़ स्थित टायर कॉर्नर दुकान में अज्ञात अपराधियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। अपराधी दुकान से ओपोलो कंपनी के 26 टायर, एक इनवर्टर, एक बैटरी, करीब 30 से 40 हजार रुपये नकद और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोरी कर ले गए थे।

इस संबंध में बुण्डू थाना में मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ बुण्डू के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने जांच के क्रम में कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे