home page

साहिबगंज की पूर्व महिला थाना प्रभारी की प्रसव के दौरान मौत

 | 
साहिबगंज की पूर्व महिला थाना प्रभारी की प्रसव के दौरान मौत


रांची, 16 सितंबर (हि.स.)।

साहिबगंज की पूर्व महिला थाना प्रभारी और 2018 बैच की पुलिस पदाधिकारी सुमित्रा कच्छप की मंगलवार को रांची के तुपुदाना स्थित राजेन्द्र नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान मौत हो गई। उनके निधन की खबर मिलने पर पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। सुमित्रा कच्छप गर्भवती थीं। प्रसव के लिए रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। हालांकि, चिकित्सकों ने नवजात को बचा लिया।

सुमित्रा कच्छप ने वर्ष 2018 में प्रशिक्षु पुलिस पदाधिकारी के रूप में साहिबगंज में योगदान दिया था। मुख्यालय से उन्हें प्रशिक्षण के लिए जिरवाबाड़ी थाना भेजा था, फिर उन्हें मिर्जाचौकी थाना में भी प्रतिनियुक्त किया गया था। बाद में उन्हें साहिबगंज महिला थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सुमित्रा कच्छप 24 नवंबर 2021 से 10 फरवरी 2024 तक साहिबगंज महिला थाना प्रभारी के पद पर कार्यरत रहीं। इस दौरान उन्होंने महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों में पुलिसिंग की जिम्मेदारी संभाली। फरवरी 2024 में उनका स्थानांतरण गिरिडीह कर दिया गया। गिरिडीह में सेवा देने के बाद उन्हें रांची उच्च न्यायालय में नोडल पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित किया गया था। उनके निधन की सूचना से साहिबगंज पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने सुमित्रा कच्छप के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

वहीं, घटना के बाद परिजनों और ‘झारखंड पुलिस एसोसिएशन’ ने निजी अस्पतालों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। एसोसिएशन का कहना है कि अगर समय पर सुमित्रा को आपातकालीन इलाज मिल जाता, तो उनकी जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने स्पष्ट किया है कि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वे इस मामले में दोषी अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे और सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे