कारखाने में सुरक्षा के मुद्दे पर पूर्व विधायक ने दिया धरना
रामगढ़, 10 सितंबर (हि.स.)। जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों और कारखाने में लगातार हो रही दुर्घटनाओं में मजदूरों की मौत हो रही है। सुरक्षा के मुद्दे पर पूर्व विधायक शंकर चौधरी गुरुवार को समाहरणालय के सिढियों पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने कारखाने में श्रमिकों की सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी की पूरी जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि 06 अप्रैल 2026 से 21 अगस्त 2026 तक तीन बड़ी घटनाएं हुई। कारखाने में 09 श्रमिकों की जान चली गई। 14 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए और 02 मजदूर आजीवन अपंग हो गए। जिला प्रशासन की जांच समितियों ने क्या रिपोर्ट सौंपी और सुरक्षा के मुद्दे पर प्रशासन की क्या निगरानी है। इस पर उन्होंने पूरी रिपोर्ट मांगी। उन्होंने श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट, झारखंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड, मां छिन्नमस्तिका आयरन एंड स्पंज प्लांट में हुई दुर्घटनाओं पर उन्होंने पूरी रिपोर्ट मांगी।
इसके अलावा प्रदूषण नियंत्रण, ओवरलोड वाहन ठेका मजदूरों को पीएफ और इएसआई, कारखाने में एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था, न्यूनतम मजदूरी और बिना आदेश के संचालित हो रहे प्लांट पर चिंता जताई।
जिला प्रशासन की ओर से गोपनीय शाखा प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता ने धरना पर बैठे पूर्व विधायक को सभी घटनाओं में हुई जांच रिपोर्ट के बारे में जानकारी दी। श्रीराम पावर प्लांट पर हुई कार्रवाई से भी उन्होंने अवगत कराया। साथ ही अन्य प्लांट की जांच रिपोर्ट लंबित रहने की जानकारी दी। जिला प्रशासन के जवाब से संतुष्ट होकर पूर्व विधायक ने अपना धरना समाप्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

