home page

एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बॉटल पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई पर भड़के पूर्व विधायक

 | 
एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बॉटल पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई पर भड़के पूर्व विधायक


रामगढ़, 05 सितंबर (हि.स.)। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार जांच कर रहा है। इस दौरान कई दुकानों और होटल की जांच हुई और जहां भी गलत उत्पाद मिला उसे तत्काल जब्त या नष्ट किया गया। साथ ही दुकानदार को जुर्माना भी लगाया गया। लेकिन नई सराय स्थित फैमिली मार्ट में 10,000 एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बॉटल मिलने पर जांच टीम ने सिर्फ हिदायत देकर अपना पल्ला झाड़ लिया। उनकी इस कार्रवाई पर रामगढ़ के पूर्व विधायक शंकर चौधरी ने आपत्ति जाहिर की है।

उन्होंने डीसी ऋतुराज को पत्र लिखकर जांच टीम की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि खाद्य सुरक्षा विभाग की 03 सदस्यीीय टीम ने फैमिली मार्ट का निरीक्षण कर बड़ी मात्रा में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक का स्टॉक पकड़ा। लेकिन उसे तत्काल अपने सामने जब्त्त या नष्ट न कर दुकान संचालक को 07 दिनों के अंदर रिकॉल करने का निर्देश दे दिया, जबकि उन्हें तत्काल कठोर कार्रवाई करनी चाहिए थी।

सभी को पता है कि एक्सपायर खाद्य और पेय पदार्थ आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह है। नियमानुसार दुकानदार पर भी कार्रवाई होनी चाहिए थी। पूर्व विधायक ने खाद्य सुरक्षा विभाग के पूर्व की कार्रवाई का हवाला देते हुए कहा कि दीपावली जैसे त्योहारों के दौरान होटलों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में नकली खोवा, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थ के संदिग्ध अवस्था में मिलने पर बड़ी कार्रवाई होती है। उसे तत्काल नष्ट किया जाता है और दुकान संचालकों पर जुर्माना लगाया जाता है, लेकिन फैमिली मार्ट के खिलाफ ऐसा कोई भी काम नहीं किया गया।

पूर्व विधायक ने डीसी से इस पूरे मामले की निष्पक्ष समीक्षा करने की मांग की है। साथ ही जांच टीम की कार्रवाई नियमों के अनुरूप हो और उसे सार्वजनिक करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश