home page

कांग्रेस की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का रांची में सरकारी आवास कराया गया खाली

 | 
कांग्रेस की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का रांची में सरकारी आवास कराया गया खाली


कांग्रेस की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का रांची में सरकारी आवास कराया गया खाली


रांची, 07 नवंबर (हि.स.)। झारखंड में बड़कगांव की पूर्व विधायक और कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद का रांची में स्थित सरकारी आवास शनिवार को खाली कराया गया। मजिस्ट्रेट मो. जफर हसनात की मौजूदगी में पुलिस बल ने यह कार्रवाई की।

अंबा प्रसाद के विधायक रहते एचईसी सेक्टर-थ्री स्थित उन्हें आवास संख्या एफ -44 आवंटित किया गया था। इसी आवास को खाली कराया गया है। केयरटेकर की मौजूदगी में आवास खाली कराने की कार्रवाई की गई।

जिला प्रशासन के जरिये प्रतिनियुक्त नियुक्त मजिस्ट्रेट मो. जफर हसनात ने बताया कि पूर्व में यह आवास विधायक के रूप में अंबा प्रसाद के नाम पर आवंटित था, लेकिन पिछले वर्ष यह आवास एक अधिकारी के नाम पर अलॉट हो गया था। इसके बाद से कई बार पूर्व विधायक अंबा प्रसाद को आवास खाली कराने का नोटिस दिया गया था। अंतिम नोटिस 02 नवंबर 2026 को ही दिया गया था और इसकी सूचना भी व्हाट्सएप के माध्यम से भी उन्हें दे दी गई थी, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया था।

प्रशासन की टीम ने आवास में रखे सामान की सूची तैयार की। इसके बाद सामान की सूची झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड (जेएसबीसीसीएल) को सौंप दी गयी।

कॉरपोरेशन के आग्रह के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी की। इसके लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गयी थी। शनिवार को प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी आवास खाली करा लिया।

आवास खाली कराए जाने से नाराज अंबा प्रसाद ने अपने समर्थकों, परिवार के सदस्यों और सुरक्षाकर्मियों के साथ रात में ही मकान के बाहर टेंट गाड़ दिया। उन्होंने टेंट के बाहर ही दीपावली के दीये सजाए और मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी पीड़ा व्यक्त की। अंबा प्रसाद ने कहा, छोटी दीपावली के दिन मेरे साथ ऐसा व्यवहार किया गया है। कुछ लोग लगातार मेरे और मेरे परिवार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करवा रहे हैं। दीपावली के इस त्योहार पर मैं अचानक कहां जाऊं। सरकार ने हमें कहीं का नहीं छोड़ा।

पूर्व विधायक अंबा प्रसाद देर रात तक आवास के बाहर बने टेंट में ही बैठी रहीं। इस दौरान उनके साथ परिवार के लोग और सुरक्षा बल भी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से अचानक की गई इस कार्रवाई और त्योहार के दिन पूर्व विधायक के सड़क पर टेंट लगाकर बैठने की यह घटना राज्य भर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

उल्लेखनीय है कि रांची के धुर्वा स्थित एचईसी परिसर का यह आवास पहले पूर्व विधायक अंबा प्रसाद को आवंटित था। विधायकों के लिए नई विधानसभा के पास नए आवास बन जाने के बाद, पुराने सरकारी मकानों को अन्य अधिकारियों को देने की प्रक्रिया चल रही है। इसी व्यवस्था के तहत भवन निर्माण विभाग ने करीब 10 दिन पहले यह मकान आईपीएस अधिकारी क्रांति गडिदेशी को आवंटित कर दिया था। शनिवार को आईपीएस अधिकारी के कर्मचारियों ने आवास का कब्जा ले लिया और वहां रखा सामान बाहर कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे